
Inspection Was done From Ayushman Center to MMCH : नगर निगम मेयर अरुणा शंकर एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने नगर निगम द्वारा संचालित आयुष्मान आरोग्य केंद्र रांची रोड और पंककल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं को देखा और डॉक्टरों के साथ बैठक कर कामकाज की समीक्षा की। रांची रोड केंद्र में डॉ. श्रेया सोनी और पंककल क्लिनिक में डॉ. नितेश कुमार से उन्होंने जानकारी ली।
साफ-सफाई और समय पर सेवा के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मेयर ने कहा कि स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि क्लिनिक की साफ-सफाई बेहतर होनी चाहिए और डॉक्टर व नर्स समय पर उपस्थित रहें।
साथ ही मरीजों को हमेशा मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि वे समय-समय पर खुद निरीक्षण करती रहेंगी। इस दौरान उन्होंने अपनी स्वास्थ्य जांच भी कराई।
अत्याधुनिक सुविधाएं देने की घोषणा
मेयर ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को जल्द ही आधुनिक बनाया जाएगा। उन्होंने एक केंद्र को गोद लेने की भी घोषणा की, जहां डायलिसिस, डिलिवरी और जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि किसी भी समस्या के लिए सीधे उनसे संपर्क करें, ताकि तुरंत समाधान हो सके।
MMCH अस्पताल में दिखी कमी
इसके बाद मेयर ने MMCH अस्पताल पहुंचकर महिला वार्ड का निरीक्षण किया। यहां की सफाई और व्यवस्था से वे संतुष्ट दिखीं, लेकिन पीने के पानी की व्यवस्था नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। अस्पताल प्रबंधन ने जल्द सुधार का भरोसा दिया।
शौचालय बंद होने पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान कुछ महिलाओं ने शिकायत की कि महिला वार्ड के पास का शौचालय हमेशा बंद रहता है। इस पर मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर सफाई कर शौचालय चालू कराया जाए। मरीजों ने मेयर के इस निरीक्षण के लिए आभार भी जताया।
