48 घंटे में हत्या का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

News Update
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : रांची जिला पुलिस ने बुढ़मू थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा मात्र 48 घंटे के भीतर कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, गोली और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस की इस तेज कार्रवाई की इलाके में सराहना हो रही है।
यह कार्रवाई जिले के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बुढ़मू थाना क्षेत्र में पियूस उर्फ इबरार अंसारी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक का शव सरईदाह करमबोहा नदी पर बने रेलवे पुल के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक मिला था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।

टीम गठन और तेजी से जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। लगातार छानबीन के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले।
इसी कड़ी में 2 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि इस हत्याकांड में शामिल अपराधी छापर बरवाटोली गांव में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की और दो आरोपियों समीर अंसारी और साहिल टुडू को गिरफ्तार कर लिया। सख्त पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

उधारी बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर अंसारी ने बताया कि उसने मृतक पियूस उर्फ इबरार अंसारी से करीब छह महीने पहले ढाई लाख रुपये उधार लिए थे। मृतक लगातार पैसे वापस मांग रहा था और रकम न लौटाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा था।
इस दबाव और डर से परेशान होकर समीर ने अपने साथी साहिल टुडू और राम मुर्मू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। तीनों ने मिलकर पियूस उर्फ इबरार अंसारी को गोली मार दी और शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे आरोपी राम मुर्मू को भी गिरफ्तार कर लिया। आगे की पूछताछ में पता चला कि हत्या में इस्तेमाल हथियार और गोलियां नरेश मरांडी के घर में छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने वहां छापा मारकर हथियार और गोली बरामद की और नरेश मरांडी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share This Article