भ्रम और झूठ की राजनीति करते हैं राहुल गांधीः संबित पात्रा

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भ्रम और झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाना उनकी आदत है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस संगठन को आगे न बढ़ाना और उसे अध्यक्ष विहीन रखना राहुल गांधी की आदत बन गई है।

वह परिश्रम नहीं करना चाहते और दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने का काम करते हैं। देश में जब भी भ्रम और झूठ की राजनीति होती है, राहुल गांधी का उसमें हाथ होता है।

पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने आज किसान आंदोलन की पुरानी तस्वीर को ट्वीट कर उसे वर्तमान का फोटो बताकर भ्रम और झूठ फैलाने का काम किया है।

वह भली-भांती जानते हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष विहीन है, इसलिए कांग्रेस जमीन पर किसी भी विषय को उठाने में असमर्थ है। इसलिए ये झूठे फोटो के माध्यम से राजनीति करने की कोशिश करते हैं।

उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे तेज और सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में चल रहा है, पूरा विश्व इसकी सराहना कर रहा है। लेकिन राहुल गांधी एक भी ट्वीट टीकाकरण के संदर्भ में नहीं करते हैं।

देश में करीब 68.75 करोड़ लोगों को वैक्सीन की एक डोज लग चुकी है।

इतनी बड़ी आबादी को वैक्सीन लग जाने के बाद भी राहुल गांधी का एक भी ट्वीट नहीं आया है। बीते दो दिनों में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन लगी थीं।

इसके बावजूद झूठी तस्वीर के माध्यम से भ्रम फैलाने वाले राहुल गांधी इस पर चुप रहते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता और और परिवारजन स्वयं ही जातिवाद और विद्वेष फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उनके खिलाफ अब प्राथमिकी दर्ज कराने तक की नौबत आ गई है। किंतु, राहुल गांधी को ये सब नहीं दिखता, इन सबसे वो अनभिज्ञ बने रहते हैं।

Share This Article