राज्यभर में स्वास्थ्य जागरूकता की नई पहल, 24 प्रचार वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

New Initiative for Health Awareness : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड की ओर से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की गई है।

मंगलवार को नामकुम स्थित NHM Office Complex से स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े 24 प्रशिक्षण सह प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा मौजूद रहे।

गांव-गांव तक पहुंचेगी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी

इन प्रचार वाहनों के माध्यम से झारखंड के दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों तक आम लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।

वाहनों के जरिए लोगों को मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, किशोर स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, टीबी, मलेरिया, तंबाकू नियंत्रण और गैर-संचारी रोगों जैसे विषयों पर जागरूक किया जाएगा।

24 जिलों में एक साथ चलेगा अभियान

अभियान निदेशक ने बताया कि यह पहल राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ शुरू की जा रही है। प्रत्येक प्रचार वाहन अपने जिले में प्रतिदिन चार प्रखंडों में जाकर प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों (Awareness Activities) में भाग लेगा।

कुल 48 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के दौरान 192 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण

इस अभियान के तहत लगभग 3900 स्वास्थ्यकर्मियों को 24 प्रमुख स्वास्थ्य विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण में सहिया, सीएचओ और ANM भी शामिल होंगी, ताकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर हो सकें।

आपात स्थिति में भी होगा उपयोग

अधिकारियों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर इन वाहनों का उपयोग गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पताल तक पहुंचाने में भी किया जाएगा। सभी वाहनों को विषयवार ब्रांडिंग के साथ जीपीएस से लैस किया गया है, जिससे उनकी निगरानी आसान होगी।

लोगों में बढ़ेगी जागरूकता

स्वास्थ्य विभाग (Health Department) को उम्मीद है कि इस अभियान से गांव-गांव में लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और वे सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित होंगे।

यह पहल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता के और करीब लाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।