ओबीसी छात्रों के लिए राहत: जल्द जारी होगी छात्रवृत्ति, 350 करोड़ की राशि रिलीज

झारखंड में ओबीसी और एससी छात्रों के लिए राहत, सरकार ने 350 करोड़ रुपये जारी कर लंबित छात्रवृत्ति भुगतान का रास्ता साफ किया, जल्द छात्रों के खातों में राशि पहुंचेगी।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Relief For OBC Students : राज्य के लाखों ओबीसी और एससी छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से लंबित छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान अब जल्द शुरू होने जा रहा है। कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने जानकारी दी है कि इसके लिए करीब 350 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है।

मंत्री ने बताया कि यह राशि आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय को भेज दी गई है, जहां से जिलावार छात्रों की संख्या के अनुसार जिला कल्याण पदाधिकारियों को फंड रिलीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही यह राशि जिलों तक पहुंच जाएगी और छात्रों के खातों में भुगतान शुरू हो जाएगा।

गौरतलब है कि राज्य के लगभग 3.5 से 4 लाख छात्रों की छात्रवृत्ति लंबे समय से लंबित थी।

ओबीसी और एससी वर्ग के प्री-मैट्रिक (कक्षा 9-10) और पोस्ट मैट्रिक छात्रों को शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की छात्रवृत्ति का पूरा केंद्रांश अब तक नहीं मिल पाया था, जिससे राज्यभर में छात्र आंदोलन कर रहे थे।

मंत्री चमरा लिंडा ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार से लगातार पत्राचार किया गया। प्री-मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए कई बार पत्र भेजे गए और दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले से मुलाकात कर भुगतान का आग्रह भी किया गया।

आंकड़ों के अनुसार, केंद्र से अपेक्षित राशि के मुकाबले काफी कम फंड मिला। कई सत्रों में मांग के अनुरूप राशि नहीं मिलने के कारण भुगतान अटका रहा। इसके बाद राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए छात्रवृत्ति भुगतान का रास्ता निकाला।

अब सरकार के इस फैसले से लाखों छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और जल्द ही उनके खातों में छात्रवृत्ति की राशि पहुंचने लगेगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।