दुबई हवाई अड्डे के पास धमाके से ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और कोच डरे

Neeral Prakash
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुबई: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने रविवार को दुबई हवाई अड्डे पर स्थिति को ‘तनावपूर्ण और डरावना’ बताया क्योंकि जहां वह और उनके कोच रुके हुए थे उसके पास एक धमाका हुआ। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सिंधू ने कहा कि यह स्थिति ‘हर घंटे और डरावनी होती जा रही थी’।

सिंधू को तीन मार्च से शुरू होने वाली ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है और वह शनिवार से अपने इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा के साथ दुबई हवाई अड्डे पर फंसी हुई हैं। सिंधू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कुछ घंटे पहले हवाई अड्डे पर जहां हम रुके हुए थे उसके पास एक धमाका हुआ। मेरे कोच को जल्दी से उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। यह हम सभी के लिए बहुत तनावपूर्ण और डरावना पल था।’’

हालांकि पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने पुष्टि की कि वह और उनका सहयोगी स्टाफ सुरक्षित है और उन्हें एक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी अब सुरक्षित हैं और दुबई हवाई अड्डे के कर्मचारियों और दुबई के अधिकारियों की लगातार कोशिशों की वजह से हमें अधिक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है।’’
सिंधू ने इस मुश्किल समय में मदद के लिए दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत का भी शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘दुबई में भारतीय उच्चायोग को भी उनके समर्थन और हमें सुरक्षित रखने में लगातार मदद के लिए विशेष धन्यवाद।’’

वर्ष 2019 की विश्व चैंपियन ने धमाके के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी लेकिन कहा कि वह हालात के ठीक होने का इंतजार करते हुए आराम करने की कोशिश कर रही हैं। सिंधू ने लिखा, ‘‘अभी के लिए हम थोड़ा आराम करने और उम्मीद बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि हम चीजों के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।’’
सिंधू भारत की सबसे प्रतिष्ठित बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने रियो ओलंपिक 2016 में रजत और तोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में भी कई पदक जीते हैं।
अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान पर बड़ा हमला किया जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी जनता से 1979 से देश पर राज कर रहे इस्लामिक नेतृत्व को उखाड़ फेंकने की अपील की।

सैन्य हमलों की वजह से खाड़ी क्षेत्र में वायु क्षेत्र बंद हो गया है और एमिरेट्स तथा एयर इंडिया सहित कई उड़ानों में रुकावट आई है।
एयर इंडिया ने खाड़ी क्षेत्र से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ाने रद्द कर दी हैं विशेषकर अबु धाबी, दम्मम, दोहा, दुबई, जेद्दा, मस्कट, रियाद और तेल अवीव से जुड़ी।
अमेरिका, इजराइल और ईरान पर मिसाइल हमलों के बाद वायु क्षेत्र बंद होने की वजह से दुबई हवाई अड्डे ने सभी तरह का संचालन अनिश्चित काल के लिए रोक दिया है।

Share This Article