
रांची: होली के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों को देखते हुए राजधानी रांची के अस्पतालों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और नर्सों की पर्याप्त तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।
गंभीर मामलों से निपटने के लिए जरूरी दवाइयों और मेडिकल उपकरणों का पूरा इंतजाम किया गया है। साथ ही ब्लड बैंक को अतिरिक्त रक्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में खून की कमी न हो।
रंगों और नशे से जुड़ी घटनाओं की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। होली के मौके पर 4 मार्च को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान और सदर अस्पताल, रांची में ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। हालांकि मरीजों को राहत देते हुए इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह से चालू रहेंगी।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि होली के दौरान नशा कर वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा केमिकल वाले रंगों की वजह से त्वचा रोग, आंखों में जलन और संक्रमण जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। कई बार होलिका दहन के दौरान लापरवाही के कारण झुलसने की घटनाएं भी हो जाती हैं।
इन्हीं संभावित हालात को ध्यान में रखते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी और पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि त्योहार के बीच किसी भी मरीज को परेशानी न हो।
