
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 815 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा बरामद किया है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
यह कार्रवाई नौडिहा बाजार और छतरपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जवाड गांव के पास से अफीम डोडा की बड़ी खेप बाहर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जंगल की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ के दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप वैन को भी रोका गया, लेकिन चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, जिसमें 60 प्लास्टिक की बोरियों में भरा कुल 815 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय परहिया और प्रमोद यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मोटरसाइकिल से आगे चलकर रेकी कर रहे थे, ताकि तस्करी की खेप सुरक्षित निकल सके।
पुलिस ने मौके से पिकअप वैन, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

