
पंचकूला : पंचकूला में एक युवक ने अपने ही जीजा की बेरहमी से हत्या कर दी। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि मृतक शिवम ने करीब 3 महीने पहले गोलू नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से लड़की का भाई, जो खुद भी शिवम नाम का ही है, बेहद खफा था। इसी रंजिश के चलते साले ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मर्डर की इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। मृतक और मुख्य आरोपी दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले थे और कभी गहरे दोस्त हुआ करते थे।
वारदात आज सुबह उस वक्त हुई जब मृतक शिवम अपनी माता को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 छोड़ने गया था। वापस आते समय जैसे ही वह सेक्टर-19 के गोल चक्कर के पास पहुंचा, घात लगाकर बैठे उसके साले शिवम (20) और उसके दोस्त राहुल (19) ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। घायल को सेक्टर-6 स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। आरोपी वर्तमान में पंचकूला और जीरकपुर क्षेत्र में रहते थे और जोमेटो में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
