
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए चारों ओर भाईचारा एवं दयालुता बढ़ने की आशा जताई। देश में शनिवार को ईद मनाई जा रही है। X पर अपने पोस्ट में पीएम ने कहा कि ‘ईद उल फितर की शुभकामनाएं। यह त्योहार चारो तरफ भाईचारा एवं इंसानियत लेकर आए। सभी लोग सुखी और समृद्ध हों। ईद मुबारक!’ प्रधानमंत्री ने नवरोज की भी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, ‘ईश्वर से प्रार्थना है कि यह वर्ष समृद्धि और खुशियों से भरा हो। सभी स्वस्थ रहें और सभी की आकांक्षाएं पूरी हों। नवरोज मुबारक!
नवरोज का अर्थ है ‘नया दिन’
नवरोज पारसी पर्व है, जिसे फारसी नववर्ष के रूप में मनाया जाता है। यह वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है और आमतौर पर 21 मार्च के आसपास आता है। नवरोज का अर्थ है ‘नया दिन’। इस दिन लोग अपने घरों की सफाई करते हैं, नए कपड़े पहनते हैं और विशेष पकवान बनाते हैं। पारसी समुदाय अग्नि मंदिरों में जाकर प्रार्थना करता है और शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना करता है। यह पर्व प्रकृति के नवजीवन और सकारात्मक शुरुआत का संदेश देता है।
