युद्ध संकट पर पीएम मोदी का शांति संदेश, बोले- सैन्य टकराव से नहीं निकलता किसी समस्या का हल

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी संघर्षों को ”शीघ्र समाप्त” करने का वीरवार को आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी मुद्दे का समाधान सैन्य टकराव के माध्यम से नहीं किया जा सकता। मोदी ने फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ व्यापक वार्ता करने के बाद ये टिप्पणियां कीं।

उन्होंने कहा कि भारत और फिनलैंड, दोनों ही कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। हम इस बात पर सहमत हैं कि किसी भी मुद्दे का समाधान केवल सैन्य संघर्ष से नहीं किया जा सकता। चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्षों के शीघ्र अंत और शांति की दिशा में किए जा रहे हर प्रयास का समर्थन करना जारी रखेंगे।

वार्ता में दोनों पक्षों ने भारत-फिनलैंड संबंधों को डिजिटलीकरण और सतत विकास के क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने पर भी सहमति जताई। उन्होंने कहा, ”एआई (सूचना प्रौद्योगिकी) से लेकर 6जी दूरसंचार तक, स्वच्छ ऊर्जा से लेकर ‘क्वांटम कंप्यूटिंग’ तक, यह साझेदारी प्रौद्योगिकी के कई क्षेत्रों में हमारे सहयोग को गति और ऊर्जा प्रदान करेगी।” मोदी ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता भारत और फिनलैंड के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगा। यह समझौता भारत एवं फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेगा। फिनलैंड के राष्ट्रपति स्टब ने व्यापार, निवेश एवं महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को भारत की चार दिवसीय यात्रा शुरू की।

Share This Article