
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यूट्यूब चैनल ने तीन करोड़ ‘सब्सक्राइबर्स’ का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे इस सोशल मीडिया मंच पर सबसे अधिक फॉलोअर्स वाले विश्व नेता के रूप में उनकी स्थिति और अधिक मजबूत हो गई है। दूसरे सबसे अधिक फॉलोअर्स वाले ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो के फॉलोअर्स की संख्या मोदी की तुलना में लगभग एक-चौथाई ही है। अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी पहुंच है। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X पर उनके 106 मिलियन (10 करोड़) से अधिक फॉलोअर्स हैं, जबकि फोटो-वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी उनके करोड़ों फॉलोअर्स हैं, जो उन्हें दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेताओं में शामिल करते हैं।
