पंजाब में 10 हजार करोड़ का निवेश करेगा उद्योग जगत

प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 के पहले दिन उद्योग जगत ने 10,000 करोड़ रुपये निवेश का वादा किया, जिससे राज्य में हजारों नई नौकरियां और औद्योगिक विकास की उम्मीद जगी।

Vinita Choubey
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़ : प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन-2026 की शुक्रवार को मोहाली में धमाकेदार शुरुआत हुई। सम्मेलन के पहले दिन ही बड़ी औद्योगिक कंपनियों ने राज्य में कुल 10,000 करोड़ रुपये निवेश करने का वादा किया। आर्सेलर मित्तल, जेएसडब्ल्यू ग्रुप, टाटा स्टील्स और ट्राइडेंट ग्रुप समेत कई दिग्गज उद्योगपतियों ने पंजाब की नयी औद्योगिक और व्यापार विकास नीति का समर्थन करते हुए अपने परिचालन का विस्तार करने की योजना का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उद्योगपतियों का स्वागत करते हुए कहा कि हम एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बना रहे हैं जो विकास को गति देगा। हमारी नीति मांग आधारित है और सभी औद्योगिक क्षेत्रों को कवर करती है। उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब उच्च तकनीक वाले औद्योगीकरण और सतत विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही 15 प्रतिशत ऊर्जा नवीकरणीय स्रोतों से प्राप्त होगी। शिखर सम्मेलन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्य अतिथि थे। ब्रिटेन, जापान और कोरिया की कंपनियों ने भी निवेश योजनाओं की घोषणा की। ब्रिटेन की 3 एसोसिएट्स ने 1,407 करोड़ रुपये और जापानी कंपनी टॉपपन स्पेशलिटी फिल्म्स ने 300-400 करोड़ रुपये निवेश की योजना रखी।

2,600 करोड़ का अतिरिक्त निवेश

वैश्विक इस्पात कंपनी आर्सेलरमित्तल के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी एन मित्तल ने गुरु गोविंद सिंह रिफाइनरी में 2,600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे फार्मा और रसायन क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। कंपनी हरित ऊर्जा में भी निवेश बढ़ाएगी और बठिंडा में एआई संचालित 500 खुदरा ईंधन आउटलेट खोलेगी। टाटा स्टील्स की 3200 करोड़ निवेश की घोषणा : टाटा स्टील्स ने लुधियाना में विशेष इस्पात निर्माण इकाई स्थापित करने और 3,200 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना की घोषणा की। सीईओ टी वी नरेंद्रन ने कहा कि यह परियोजना दो साल के भीतर चालू होगी और उनका ध्यान हरित इस्पात उत्पादन पर रहेगा। ट्राइडेंट ग्रुप 5,000 महिलाओं को देगा नौकरियां : ट्राइडेंट ग्रुप अगले दो वर्षों में 5,000 करोड़ रुपये का निवेश कर 10,000 नौकरियां सृजित करेगा, जिनमें से 5,000 नौकरियां महिलाओं के लिए होंगी। जेएसडब्ल्यू ने राजपुरा संयंत्र में 3,000 करोड़ रुपये निवेश कर इस्पात क्षेत्र में क्षमता बढ़ाने की योजना बताई। हीरो एंटरप्राइज के अध्यक्ष सुनील कांत मुंजाल ने नीति को उत्साहजनक बताया।

Share This Article