
नयी दिल्ली : भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु कई दिनों तक दुबई में फंसी हुई थी। वहां बढ़ते संघर्ष और तनाव के कारण हालात काफी बिगड़ गए थे, जिससे पीवी सिंधु का दुबई से वापस लौटना मुश्किल हो गया था, लेकिन अब वे सुरक्षित भारत लौट आई हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने अपने एक्स पोस्ट के जरिए साझा की।
उन्होंने लिखा –“बेंगलुरु में अपने घर पर सुरक्षित हूं। पिछले कुछ दिन बहुत ही तनावपूर्ण और अनिश्चितता से भरे रहे, लेकिन वापस आकर मैं वास्तव में आभारी हूं।” आगे उन्होंने दुबई के अधिकारियों, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन अधिकारियों और उन सभी लोगों का तहेदिल से धन्यवाद किया, जिन्होंने उस कठिन समय में उनका ख्याल रखा। उन्होंने लिखा – “आपकी सहानुभूति और प्रोफेशनलिज्म के लिए शब्द कम हैं। अब समय है थोड़ा आराम करने और आगे की योजना बनाने का।”
दरअसल, मध्य–पूर्व में बढ़ते अमेरिका–ईरान–इज़रायल तनाव के चलते एयरस्पेस बंद होने के कारण सिंधु दुबई में फंस गई थीं। बढ़ते संघर्ष के कारण वहां की स्थिति भी चिंताजनक हो गई थी। सिंधु और उनके कोच इरवांस्या आदि प्रतामा जिस इलाके में ठहरे हुए थे, उसके पास ही एक धमाका हुआ था, जिससे वे काफी घबरा गई थीं। इस क्लोज कॉल के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी। हालांकि अब वे अपने स्टाफ के साथ सुरक्षित भारत लौट आई हैं और फिलहाल बेंगलुरु में अपने घर पर हैं।
