राहुल गांधी किसान परिवार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए सोनीपत पहुंचे

राहुल गांधी हरियाणा के मदीना गांव पहुंचे किसान परिवार की बेटी की शादी में शामिल होने। पारंपरिक स्वागत, पगड़ी और चूरमा के साथ गाँव में उत्साह का माहौल बना।

Vinita Choubey
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़ : कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को हरियाणा के सोनीपत स्थित मदीना गांव में एक किसान परिवार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव पहुंचे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सुबह गांव पहुंचे। कांग्रेस के रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। मदीना गांव पहुंचने पर किसान संजय और उनके परिवार ने राहुल गांधी का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्हें हरियाणवी पगड़ी पहनाई गई और घर के आंगन में बैठकर बातचीत भी हुई। राहुल गांधी कुछ देर के लिए किसान के घर रुके और परिवार के सदस्यों के साथ चूरमा खाया। इसके बाद वे शादी समारोह में शामिल होकर वहां से रवाना हो गए। जिस किसान संजय के यहां राहुल गांधी पहुंचे, उनसे उनकी मुलाकात पहले भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हुई थी। उस समय राहुल गांधी ने किसान संजय के साथ खेत में ट्रैक्टर भी चलाया था और धान की रोपाई में हाथ बंटाया था। बाद में राहुल गांधी ने किसान संजय को दिल्ली स्थित 10 जनपथ भी बुलाया था, जहां दोनों ने साथ बैठकर भोजन किया था। उसी संबंध के चलते राहुल गांधी आज किसान की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए मदीना गांव पहुंचे।

राहुल गांधी के गांव पहुंचने की खबर फैलते ही मदीना गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आसपास के इलाकों से भी लोग उन्हें देखने के लिए पहुंचे। किसान संजय ने कहा, “हमारे परिवार और पूरे गांव के लिए यह गर्व की बात है कि देश का एक बड़ा नेता हमारे घर और गांव की चौपाल तक आया है।” राहुल गांधी के आगमन से गांव में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने इसे अपने लिए खास दिन बताया और कई लोग उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए भी उत्साहित दिखाई दिए। राजनीतिक तौर पर भी इस कार्यक्रम को हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस की मौजूदगी और किसानों के साथ संबंधों के संदर्भ में देखा जा रहा है।

Share This Article