
रामगढ़: रामगढ़ जिले के मशहूर शक्ति पीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालु और पुलिस के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा कि मंदिर परिसर में अपने परिवार के साथ पूजा करने आए एक युवक के साथ मारपीट की गई है। जिससे प्रशासन के काम करने के तरीके और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना की सबसे दुखद बात यह थी कि युवक पर उसके ही परिवार के सामने कथित तौर पर मारपीट की गई। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि युवक की पत्नी बीच-बचाव करने की कोशिश कर रही है, लेकिन मामला शांत होने के बजाय, झगड़ा और बढ़ जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा बढ़ी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ पुलिसवाले एक युवक को धक्का देते और मारपीट करते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवक अपने परिवार के साथ मां छिन्नमस्तिका के दर्शन करने मंदिर परिसर में आया था। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और प्रशासन के काम करने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदिर परिसर में एक छोटी सी बात पर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद प्रशासनिक कर्मचारी अपना आपा खो बैठे और युवक के साथ मारपीट करने लगे।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना से लोगों में गुस्सा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ऐसा बर्ताव बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल, इस मामले पर प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वायरल वीडियो की जांच के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।
