झारखंड

आम आदमी पार्टी का नौंवा स्थापना दिवस 26 को

रांची: आम आदमी पार्टी (आप) अपना नौंवा स्थापना दिवस 26 नवंबर को मनायेगी। यह जानकारी बुधवार को प्रेसवार्ता में पार्टी के झारखंड के सह प्रभारी शैलेंद्र पांडेय ने दी।

उन्होंने कहा कि पार्टी झारखंड में लोगों को नया विकल्प देने को तैयार है। जिस उम्मीद से झारखंड राज्य का गठन हुआ था, वह अब भी पूरा नहीं हो सका है।

यूपीए और एनडीए ने बारी बारी से यहां शासन किया पर सभी ने केवल जनता को ठगा है। यहां की जनता भी नाउम्मीद हो चुकी है। उसे अब विकास का, आगे बढ़ने का मॉडल चाहिए।

ईमानदार राजनीति चाहिए। उन्होंने कहा कि आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वाला डेवलपमेंट कंसेप्ट एक मिसाल है। लोगों को ऐसा ही विकल्प देने को अब आम आदमी पार्टी तैयार है। आगामी चुनावों में पंचायत से लेकर सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी भागीदारी करेगी।

उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस पर पार्टी की ओर से 26 नवम्बर को रांची में मोहराबादी मैदान से लेकर बिरसा मुंडा चौक तक तिरंगा यात्रा निकालने के तैयारी थी। प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी है।

शैलेंद्र पांडेय के मुताबिक तिरंगा यात्रा पर रोक राष्ट्र का अपमान है। पार्टी के प्रदेश संयोजक डीएन सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में अगले माह दिसम्बर में दो लाख सदस्य बनाने का सदस्यता अभियान चलायेगी।

पार्टी झारखंड में पंचायत चुनाव से लेकर नगर निकाय चुनाव, विधानसभा और लोकसभा तक का हर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए बूथ स्तर तक कमेटी बनाने के लिए रणनीति तैयार की गयी है।

जेपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज की आम आदमी पार्टी कड़ी निन्दा करती है। सरकार को अविलंब जेपीएससी में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सफाई देनी चाहिए।

सरकार दो साल में झारखंड को दिशा देने में फेल रही है। आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker