
रांची : राजधानी के बीआईटी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने देर रात दो पेट्रोल पंपों को निशाना बनाते हुए डकैती की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, एक पेट्रोल पंप से अपराधियों ने दो लाख रुपये से अधिक की राशि लूट ली, जबकि दूसरे पेट्रोल पंप से करीब 2 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन अपराधी बाइक और कार से रात करीब 2 बजे पहुंचे और हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों की संख्या अधिक होने के कारण वहां मौजूद कर्मचारियों के लिए उनका विरोध करना संभव नहीं था।
इस मामले में बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि दोनों घटनाएं देर रात की हैं और अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, वहीं पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी है।
