
रांची: राजधानी रांची से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने लोन सेटलमेंट के नाम पर एक महिला से 1.82 लाख रुपये ठग लिए। इस ठगी का शिकार कोकर निवासी ज्योत्सना हुई हैं, जिन्होंने मामले को लेकर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था। वह नियमित रूप से उसकी किश्तें चुका रही थीं। इसी बीच उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और लोन सेटलमेंट का ऑफर दिया।
उस व्यक्ति ने कहा कि अगर वह 1.82 लाख रुपये एकमुश्त दे देती हैं, तो उनका पूरा लोन क्लोज कर दिया जाएगा। आसान रास्ता समझकर महिला उसकी बातों में आ गईं और बताई गई रकम ट्रांसफर कर दी। रकम देने के बाद ठग ने उन्हें लोन क्लोज होने के फर्जी कागजात भी भेज दिए। लेकिन कुछ ही समय बाद महिला को किश्त न चुकाने को लेकर नोटिस और कॉल आने लगे। जब उन्होंने उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो फोन स्विच ऑफ मिला।
इसके बाद महिला ने सीधे फाइनेंस कंपनी से संपर्क किया, जहां उन्हें पता चला कि कंपनी की ओर से ऐसा कोई सेटलमेंट ऑफर दिया ही नहीं गया था। ठगी का एहसास होने के बाद उन्होंने तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है और लोगों से ऐसे कॉल्स से सतर्क रहने की अपील कर रही है।
