
रांची : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले में 159 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और आज उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। सभी आरोपियों को रांची सिविल कोर्ट परिसर लाया गया। दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर पांच बसों में इन्हें लाया गया और करीब 4 बजकर 10 मिनट पर ए.जे.सी योगेश कुमार की अदालत में पेश किया गया। 25-25 की संख्या में आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस टीम को पहुंचते देख कई लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके से 160 से अधिक आरोपियों को पकड़ लिया। इसमें अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गैंग के 5 मुख्य आरोपी अतुल वत्स, विकास कुमार, शेरा सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद भी शामिल हैं। इसके अलावा 7 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया। शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव में एक निर्माणाधीन जगह पर 164 से अधिक अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा हुआ है, जहां परीक्षा से जुड़े संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं।
पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह के नेटवर्क को पूरी तरह उजागर करने की कोशिश में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन भी कड़े कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।

