
Ranchi Fraud Case : झारखंड की राजधानी रांची में सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक फर्जी सेना अधिकारी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरविंद कुमार उर्फ अरविंद प्रसाद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के आरा जिले का निवासी है और रांची के चुटिया थाना क्षेत्र की शारदा कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) का अधिकारी बताकर युवाओं को सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देता था और उनसे मोटी रकम वसूलता था।
इस पूरे मामले का खुलासा लखनऊ स्थित सैन्य खुफिया विभाग से मिली गुप्त सूचना के बाद हुआ। इसके बाद रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसपी Rakesh Ranjan के निर्देश पर सिटी एसपी Paras Rana के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से सेना भर्ती से जुड़े कई फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बनाकर करीब 70 लाख रुपये की ठगी की है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

