
रांची : गेतलसूद डैम में 500 करोड़ की लागत से 100 मेगावाट का पावर प्लांट बनकर लगभग तैयार हो चुका है। इस फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट के चालू होने से रांची के 1 लाख घरों को जीरो कट बिजली मिलने का सपना पूरा होगा। यह कार्य लगभग अंतिम चरण में है। जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मिलकर परियोजना की गति प्रगति की जानकारी दी। 172 एकड़ क्षेत्र में इस पावर प्लांट के निर्माण से क्षेत्र की बिजली की समस्या का समाधान हो सकेगा।

इसके निर्माण को लेकर दिसंबर 2021 में संजय सेठ ने केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय को प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव के आलोक में महज 3 माह के अंदर मार्च 2022 में इसकी स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य शुरू हुआ। अब इसका निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने वाला है। इसके साथ ही यहां से बिजली आपूर्ति भी शुरू हो जाएगी। संजय सेठ ने प्रहलाद जोशी से मिलकर आग्रह किया कि उनके द्वारा इसका लोकार्पण किया जाए। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आग्रह पर उन्होंने इसके लिए सहमति दी है।
