रांची में गैस का काला खेल! छापेमारी में दर्जनों सिलेंडर बरामद, दो भाइयों पर केस दर्ज

रांची के अलकापुरी इलाके में प्रशासन की छापेमारी में अवैध गैस सिलेंडर बरामद, दो भाइयों पर कार्रवाई। घटना से घरेलू गैस के काले कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में घरेलू गैस के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। रातू रोड के अलकापुरी इलाके में प्रशासन ने छापेमारी कर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सुखदेवनगर थाना में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, अलकापुरी निवासी अनिल कुमार जायसवाल और उत्कर्ष कुमार जायसवाल पर अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण और व्यापार करने का आरोप है। यह कार्रवाई हेहल अंचल अधिकारी घनश्याम कुमार राम के बयान पर की गई, जो इस दौरान प्रभारी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद थे।

छापेमारी के दौरान टीम को कुल 12 बड़े और 7 छोटे सिलेंडर मिले। इनमें एचपी गैस के 5, इंडेन के 5 और भारत गैस के 2 बड़े सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 5 किलो के 3, 3 किलो के 2 और 1 किलो के 2 छोटे सिलेंडर भी बरामद किए गए। मौके से एक रेगुलेटर भी जब्त किया गया, जिसमें पाइप लगा हुआ था, जिससे अवैध इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन को यह जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी से मिली थी। लोकेशन मिलने के बाद टीम ने तुरंत अलकापुरी में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पहले से ही एसडीओ, एएसआई विनोद कुमार सोनी और सुखदेवनगर थाना की सशस्त्र टीम मौजूद थी।

जांच के दौरान आरोपियों के पिता और मकान मालिक अनिल कुमार जायसवाल से सिलेंडरों से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद प्रशासन ने सभी सिलेंडर जब्त कर लिए और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।