
Ranchi Petrol Pump Robbery case Exposed : राजधानी रांची में पेट्रोल पंप लूट की घटनाओं को लेकर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सभी अपराधियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम, चाकू और एक स्कूटी भी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।
जानकारी के अनुसार, इस गिरोह ने धुरवा, पुंदाग, बीआईटी मेसरा, ओरमांझी और टाटीसिलवाई क्षेत्रों में लूट और डकैती की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने वर्चस्व स्थापित करने के लिए करीब 6 वारदातें की थीं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह की पहली वारदात एक “अपना मार्ट” दुकान में हुई थी, जिसमें दुकान का एक पूर्व कर्मचारी भी शामिल था। लूटे गए पैसों का इस्तेमाल आरोपी नशे के लिए करते थे।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
