रांची-टाटा हाईवे पर डबल हादसा: ट्रक पलटी, रेस्क्यू के दौरान दूसरी टक्कर में पेट्रोलिंग चालक गंभीर

रांची-टाटा हाईवे पर डबल हादसा, ट्रक पलटने के बाद रेस्क्यू के दौरान दूसरी टक्कर में पेट्रोलिंग चालक गंभीर घायल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल किया।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Double Accident on Ranchi-Tata Highway : रांची-टाटा राजमार्ग पर रविवार को एक के बाद एक दो हादसों ने हड़कंप मचा दिया। पहले एक ट्रक बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई, वहीं रेस्क्यू के दौरान दूसरा हादसा हो गया, जिसमें हाईवे पेट्रोलिंग का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से रांची की ओर जा रही एक ट्रक तमाड़ थाना क्षेत्र के गागर सतिया प्रभानगर के पास अचानक अनियंत्रित हो गई।

बताया जा रहा है कि सामने आ रही एक बाइक को बचाने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। इस हादसे में ट्रक चालक और उसमें सवार स्टाफ को हल्की चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हाईवे पेट्रोलिंग टीम भी ट्रक को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी थी।

इसी दौरान घटनास्थल पर दूसरा हादसा हो गया। एक बाइक पर सवार दो लोग अनियंत्रित होकर वहां मौजूद हाईवे पेट्रोलिंग के चालक से टकरा गए। इस टक्कर में पेट्रोलिंग चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवारों को मामूली चोटें आईं।

घायल चालक को तुरंत तमाड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।

दोहरा हादसा होने के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।