
रांची : ईद की नमाज और सरहुल शोभायात्रा को लेकर राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदलने वाली है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह 6:00 बजे से शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री लागू कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, दोपहर होते-होते शहर की कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही भी रोक दी जाएगी। भारी वाहनों को रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि छोटे मालवाहक वाहनों की एंट्री भी शहर में पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, छोटे निजी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। शहर में भारी भीड़ और जुलूस को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। एसपी राकेश सिंह के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।
ईद के लिए ट्रैफिक व्यवस्था
- ईद के दिन सुबह 6 बजे से नमाज खत्म होने तक कई प्रमुख सड़कों पर आवाजाही बंद रहेगी।
- हरमू बाईपास रोड पर किशोरगंज चौक से रातू रोड चौराहा तक दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। छोटी गाड़ियों को किशोरगंज चौक से रांची लेक रोड होते हुए अपर बाजार की ओर भेजा जाएगा।
- अम्बेडकर चौक से राजेंद्र चौक तक भी रास्ता बंद रहेगा। इस दौरान वाहनों को युवराज होटल की तरफ से डायवर्ट किया जाएगा।
- मेन रोड पर रतन पी पी से गुप्ता भंडार तक कोई वाहन नहीं चलेगा। छोटी गाड़ियां सर्जना चौक, इंगराटोली, कॉटाटोली और मुंडा चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी।
- डोरण्डा, सुजाता चौक, प्लाजा चौक, पुस्तक पथ और हिल व्यू जैसे इलाकों में भी कुछ समय के लिए रास्ते बंद रहेंगे।
- रिंग रोड की ओर डायवर्ट होंगे भारी वाहन
हरमू बाइपास रहेगा पूरी तरह बंद
ईद की नमाज को देखते हुए सुबह 6:00 बजे से नमाज खत्म होने तक हरमू बाइपास रोड (किशोरगंज चौक से रातू रोड) पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा महात्मा गांधी मार्ग (मेन रोड), अंबेडकर चौक से राजेंद्र चौक और प्लाजा चौक से लालपुर चौक तक यातायात पर रोक रहेगी। डोरंडा, सुजाता चौक और कडरू पुल जैसे रास्तों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, दोपहर के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों से सरहुल शोभायात्राएं निकलेंगी, जो रेडियम चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक और सुजाता चौक होते हुए सिरमटोली सरना स्थल तक पहुंचेंगी।
कहां मिलेगी पार्किंग की सुविधा
मेन रोड पर सैनिक मार्केट, काली मंदिर चौक टैक्सी स्टैंड और अलबर्ट एक्का चौक के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हरमू ईदगाह के लिए गोशाला के पास पार्किंग स्थल तय किया गया है। बाकी जगहों पर तैनात अधिकारी जरूरत के हिसाब से पार्किंग की व्यवस्था कराएंगे।
डोरंडा और आसपास के लिए वैकल्पिक रूट
- डोरंडा की ओर से आने वाले वाहन सुजाता चौक से क्लब रोड होते हुए मुंडा चौक पहुंचेंगे।
- सुजाता चौक से डोरंडा जाने वाले वाहन कडरू पुल (बिग बाजार के पास) से गुजरेंगे।
- प्लाजा चौक से लालपुर चौक तक रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा।
- अपर बाजार के पुस्तक पथ में शहीद चौक से गांधी चौक तक आवाजाही बंद रहेगी।
- हिल व्यू से बरियातू मस्जिद तक बाईं ओर का मार्ग भी बंद रहेगा।
सरहुल शोभायात्रा के दौरान बड़ा बदलाव
दोपहर में निकलने वाली सरहुल शोभायात्रा कांके रोड, रातू रोड, बोड़ेया रोड, रेडियम चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड और सुजाता चौक होते हुए मुंडा चौक से सिरमटोली सरना स्थल तक जाएगी। नामकुम, खूंटी रोड, बिरसा चौक और डोरंडा की ओर से आने वाली शोभायात्राएं भी ओवरब्रिज, सुजाता चौक और मुंडा चौक के रास्ते सिरमटोली पहुंचेंगी। वहीं, अरगोड़ा और हरमू की तरफ से आने वाली यात्राएं कडरू, बिग बाजार और सुजाता चौक होते हुए आगे बढ़ेंगी। अगर आप शनिवार को घर से निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पहले ट्रैफिक डायवर्जन जरूर चेक कर लें, ताकि रास्ते में परेशानी से बच सकें।
