कुएं में गिरे हाथी का बचाने के लिए घंटों चला चला रेस्क्यू ऑपरेशन, ऐसे बचाई गई जान

रांची के बुंडू वन क्षेत्र में जंगली हाथी खुले कुएं में गिरा, ग्रामीण और वन विभाग की संयुक्त कोशिशों से घंटों की मेहनत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची के बुंडू वन प्रक्षेत्र के सोनाहातू थाना क्षेत्र के सारयाद गांव में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जंगली हाथी अचानक खुले कुएं में जा गिरा। जैसे ही घटना की खबर फैली, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। जेसीबी मशीन व अन्य जरूरी उपकरणों की मदद से कुएं के एक हिस्से को काटकर ढलाननुमा रास्ता तैयार किया गया, ताकि हाथी खुद बाहर निकल सके।

ग्रामीणों ने भी निभाई अहम भूमिका

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। कुएं में मोटर पंप के जरिए पानी भरा गया, जिससे जलस्तर ऊपर आने पर हाथी को बाहर निकलने में आसानी हो सके। कई घंटों तक चले इस ऑपरेशन में टीमवर्क साफ नजर आया और आखिरकार हाथी उस बनाए गए रास्ते से बाहर निकल आया। कुएं से निकलते ही हाथी बिना रुके तेजी से जंगल की ओर चला गया। वन विभाग के अधिकारी सुप्रियन टूटी ने बताया कि हाथी पूरी तरह सुरक्षित है, रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा। हालांकि, मौके पर जुटी भारी भीड़ के कारण बचाव कार्य में कुछ दिक्कतें भी आईं।

भोजन की तलाश में गांव तक पहुंचा हाथी

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथी भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह खुले कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।