
रांची: राजधानी रांची से एक बेहद शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के भाभानगर इलाके में एक महिला के साथ मारपीट कर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने पहले उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद उसे चप्पलों की माला पहनाई गई। इतना ही नहीं चेहरे पर कालिख पोतकर लोगों के सामने बेइज्जत किया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
महिला ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उसने बताया कि उसके बेटे और कुछ परिचितों पर बाइक चोरी का आरोप लगाया गया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार किया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान पंकज कुमार सिंह और सनाताना कुमारी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
