RIMS जमीन घोटाला, एसीबी ने 10 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की जमीन पर अवैध कब्जा और फर्जी खरीद-बिक्री के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने इस मामले में बड़गाई अंचल कार्यालय के वर्तमान और तत्कालीन अंचल अधिकारी (सीओ), अंचल कर्मियों, स्थानीय अमीन, राजस्व कर्मचारियों और कथित जमीन दलालों समेत कुल 10 लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई जांच

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर इस पूरे मामले की जांच एसीबी को सौंपी गई थी। इसके बाद एसीबी ने रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया और दस्तावेजों की गहन जांच की। शुरुआती पड़ताल में कई अनियमितताओं के संकेत मिले, जिसके आधार पर संबंधित लोगों को नोटिस भेजा गया है।

1993 के बाद की जमीन पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 1993 के बाद अधिग्रहित जमीन पर अवैध कब्जा और गलत तरीके से रजिस्ट्री किए जाने के प्रमाण मिले हैं। रिकॉर्ड उपलब्ध होने के बावजूद दाखिल-खारिज और निबंधन की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई। कुछ मामलों में निजी व्यक्तियों के नाम म्यूटेशन किए जाने की भी बात सामने आई है।

मिलीभगत की आशंका, आगे होगी कानूनी कार्रवाई

एसीबी सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों और कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की जांच की जा रही है। दस्तावेजों और दर्ज बयानों के आधार पर संबंधित लोगों की भूमिका चिन्हित की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी की नजरें एसीबी की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।