सड़क पर सुरक्षित चलना नागरिकों का पहला अधिकार-नीतीश कुमार

सात निश्चय-3 के तहत पैदल चलने वालों को अब मिलेगी बेहतर सुविधाएं

Neeral Prakash
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : बिहार में नई सरकार के गठन के बाद लागू हुई सात निश्चय-3 के तहत सड़क पर पैदल चलने वाले नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट कर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर पैदल चलने वालों को सम्मान और सुरक्षित माहौल देना सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सात निश्चय-3 का जिक्र करते कहा हुए कहा कि पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्विट कर कहा कि 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के बाद सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है।

सात निश्चय-3 (2025-30) के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए हम लोग लगातार काम कर रहे हैं। इसी क्रम में सड़कों पर पैदल चलने वाले नागरिकों के सम्मान एवं सुविधा के लिए भी हमलोगों ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। बिहार प्रगति के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। राज्यवासियों की आमदनी बढ़ रही है, जिसके कारण राज्य की सड़कों पर दो पहिया-चार पहिया वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है किंतु राज्य की सड़कों पर बढ़ते वाहनों की वजह से सड़कों पर पैदल चलने वाले यात्रियों को असुविधा होती है।

सड़क पर सुरक्षित एवं सम्मान पूर्वक चलना पैदल चलने वाले लोगों का पहला अधिकार है। इसे लेकर परिवहन विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 5 बड़े फैसलों की जानकारी देते हुए बताया-1. सड़क सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए राज्य के शहरी क्षेत्रों में विशेषकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर यथाशीघ्र फुटपाथ बनाने निर्देश दिया गया है। 2. सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिन्हित जगहों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का निर्देश दिया गया है। 3. पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिह्नित स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज/एस्केलेटर और अंडरपास बनाने का निर्देश दिया गया है। 4. सभी सरकारी एवं निजी वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया है, ताकि वाहन चालक सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील हो सकें। और 5 वां राज्य के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में अधिक सड़क दुर्घटना की संभावना वाली जगहों को चिन्हित कर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का निर्माण एवं सी॰सी॰टी॰वी॰ कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि उसका आकलन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को उपरोक्त सभी सुविधाएं जल्द से जल्द मिल सकें, इसे लेकर हम लोगों ने परिवहन विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि यह पहल राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी और उनका दैनिक जीवन आसान होगा।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।