
साहिबगंज : बड़ी खबर झारखंड के साहेबगंज जिले से सामने आ रही है। जहां साहेबगंज कोर्ट को फिर से महज 10 दिनों के भीतर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफर-तफरी का माहौल बन गया है। ये धमकी ई-मेल के जरीए दी गई है। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। जैसे ही इसकी सूचना मिली, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।
इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जांच की जा रही है, ताकि कोई चूक न हो।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है । ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साइबर सेल की टीम भी मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। फिलहाल तलाशी के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है।
