
साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली कीटनाशक बनाने वाले एक गोरखधंधे का खुलासा किया है। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के महादेवरण गांव में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई।
मौके से करीब 1610 भरे हुए डिब्बे, हजारों स्टीकर, खाली डिब्बे और केमिकल जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री से अनुमान लगाया जा रहा है कि लगभग 3.5 करोड़ रुपये की नकली दवा तैयार की जा सकती थी।
यह कार्रवाई कंपनी की सूचना पर एसडीओ अमर जान आईंद और एसडीपीओ किशोर तिर्की के नेतृत्व में की गई। मामले में एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
