
Sugar Levels Can rise in the Summer : गर्मी की शुरुआत हो चुकी है, इस मौसम सिर्फ लू और पसीना ही नहीं लाता बल्कि डायबिटीज मरीजों के लिए खतरे की घंटी भी बजा देता है। जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, शरीर में पानी की कमी होने लगती है और ब्लड शुगर लेवल में उतार-चढ़ाव का खतरा भी बढ़ जाता है।
ऐसे में सिर्फ दवाओं के भरोसे रहना समझदारी नहीं है। जरूरत है कि आप अपनी थाली में ऐसी चीजें शामिल करें जो नेचुरल तरीके से शुगर कंट्रोल करने में मदद करें।
अगर आप डायबिटीज से जूझ रहे हैं और दवाओं के साइड इफेक्ट से बचना चाहते हैं, तो आपकी रसोई में ही इसका हल छिपा है। आइए जानते हैं गर्मियों में किन सब्जियों को डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
करेला है कारगर
करेला स्वाद में भले कड़वा लगे, लेकिन डायबिटीज मरीजों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं। इसे नेचुरल इंसुलिन जैसा माना जाता है, जो ब्लड शुगर लेवल को तेजी से कम करने में मदद करता है। गर्मियों में करेले की सब्जी या उसका जूस नियमित रूप से लेना फायदेमंद हो सकता है।
परवल खाया जा सकता है
परवल हल्की, जल्दी पचने वाली और लो-कैलोरी सब्जी है। इसमें फाइबर ज्यादा और कार्बोहाइड्रेट कम होता है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ता। गर्मियों में इसे हल्के मसालों के साथ या सादी सब्जी के रूप में खाया जाए तो यह शरीर को ठंडक भी देता है और शुगर भी कंट्रोल में रखता है।
लौकी का करें सेवन
लौकी को गर्मियों की सबसे फायदेमंद सब्जियों में गिना जाता है। यह शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाती है और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखती है।
इसमें मौजूद सॉल्युबल फाइबर और पानी की भरपूर मात्रा इसे डायबिटीज कंट्रोल के लिए बेहतरीन विकल्प बनाती है। सुबह खाली पेट लौकी का जूस पीना काफी असरदार माना जाता है।
टिंडा खाना रहेगा फायदेमंद
टिंडा हल्की और ठंडी तासीर वाली सब्जी है, जो आसानी से पच जाती है। इसमें कार्बोहाइड्रेट कम और फाइबर ज्यादा होता है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ता। गर्मियों में इसे डाइट में शामिल करना शुगर कंट्रोल करने में मददगार हो सकता है।
सहजन की फलियां करेगी काम
सहजन की फलियों में क्लोरोफिल, विटामिन-C और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। ये न सिर्फ ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं, बल्कि इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाते हैं। गर्मियों में सहजन की सब्जी या सूप लेना नैचुरल इंसुलिन बूस्टर की तरह काम कर सकता है।
गर्मियों में डायबिटीज को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। सही खानपान और पर्याप्त पानी का सेवन शुगर कंट्रोल रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस मौसम में अपनी डाइट पर खास ध्यान दें और सेहत को प्राथमिकता दें।

