सूरत में भीषण आग हादसा: साड़ी पैकिंग के दौरान लगी आग, एक ही परिवार के 5 मजदूरों की मौत

सूरत के लिंबायत में साड़ी पैकिंग के दौरान भीषण आग, एक ही परिवार के पांच मजदूरों की दर्दनाक मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका, ज्वलनशील सामग्री से तेजी से फैली आग।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Surat Fire Incident: गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक अग्निकांड में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। यह हादसा लिंबायत इलाके के मीठी खाड़ी क्षेत्र स्थित एक तीन मंजिला मकान में हुआ, जहां साड़ी पैकिंग का काम किया जाता था।

मृतकों में चार महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय सभी लोग घर के अंदर फोम शीट की मदद से साड़ियों की पैकिंग कर रहे थे। छुट्टी के कारण घर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री जमा थी, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

उप पुलिस आयुक्त कानन देसाई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक कमरे में जहरीला धुआं फैल चुका था, जिससे अंदर मौजूद लोगों का दम घुट गया। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट या चिंगारी से आग लगी। पास में रखी फोम शीट ने आग को तेजी से फैलाया और जहरीली गैस का धुआं पूरे कमरे में भर गया, जिससे लोग बेहोश हो गए।

बताया जा रहा है कि मृतक सभी लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी थे और सूरत में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। घटना के वक्त घर के पुरुष सदस्य काम पर बाहर गए हुए थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घर के अंदर अत्यधिक ज्वलनशील सामान होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।