
नई दिल्ली : टीम इंडिया के युवा क्रिकेटर रिंकू सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खचंद्र सिंह का शुक्रवार को नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में निधन हो गया। बताया जा रहा कि लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। खचंद्र सिंह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। हाल ही में रिंकू सिंह के पिता की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था। उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी 24 घंटे निगरानी कर रही थी, लेकिन उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी।
पिता की तबीयत बिगड़ी तो प्रैक्टिस छोड़ घर पहुंचे रिंकू
इधर पिता की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही रिंकू सिंह ने टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन छोड़ तुरंत घर लौट आए। मंगलवार, 24 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले अभ्यास सत्र में वह शामिल नहीं हुए थे। उस वक्त उनका पूरा ध्यान सिर्फ अपने पिता के स्वास्थ्य पर था। हाल ही में वह नोएडा जाकर अपने पिता से मिलकर भी आए थे। इस मुश्किल घड़ी में क्रिकेट जगत और फैंस रिंकू सिंह और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
