रांची: नगर निकाय चुनाव को लेकर चल रहा जोरदार प्रचार अभियान आज शाम पांच बजे आधिकारिक रूप से थम जाएगा। चुनावी नियमों के मुताबिक तय समय के बाद लाउडस्पीकर, भोंपू या सार्वजनिक मंचों से किसी भी तरह का प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि समयसीमा का उल्लंघन करने पर संबंधित प्रत्याशी और उनके समर्थकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंतिम दिन दिखी जबरदस्त हलचल

प्रचार के आखिरी दिन शहर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। अलग-अलग वार्डों में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने बाइक रैलियां निकालकर ताकत दिखाई। झंडे, बैनर और नारों के साथ निकली रैलियों ने पूरे शहर में जोश भर दिया। मुख्य चौराहों और बाजार इलाकों में जनसंपर्क अभियान भी तेज रहा। उम्मीदवार मतदाताओं से सीधे मिलते-जुलते दिखे और अपने पक्ष में समर्थन मांगते नजर आए।
बूथ मैनेजमेंट पर फोकस, घर-घर पहुंच रहीं पर्चियां
हालांकि शाम पांच बजे के बाद पारंपरिक प्रचार के साधन बंद हो जाएंगे, लेकिन प्रत्याशी व्यक्तिगत संपर्क जारी रख सकते हैं। अब जोर बूथ मैनेजमेंट पर है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर अपने उम्मीदवारों के नाम की पर्चियां मतदाताओं तक पहुंचा रहे हैं, ताकि मतदान के दिन उन्हें नाम याद रहे।
प्रशासन की तैयारी पूरी, कल निकलेंगे मतदानकर्मी

चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है और निगरानी टीमें सक्रिय हैं। अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर के मतदान करें। यदि किसी तरह का प्रलोभन या दबाव डाला जाए तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। कल से सभी मतदानकर्मी अपने-अपने पोलिंग स्टेशन के लिए रवाना होना शुरू हो जाएंगे। अब सबकी नजर मतदान के दिन पर टिकी है।




