
वाशिंगटन : ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त हमले से शुरू हुई लड़ाई गुरुवार को 34वें दिन में प्रवेश कर गई। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका ने अपने अधिकांश सैन्य लक्ष्यों को हासिल कर लिया है। जो लक्ष्य बचे हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। ट्रंप ने यह भी साफ किया कि फिलहाल सैन्य अभियान जारी रहेगा, लेकिन युद्ध जल्द समाप्त होने वाला है। ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान को परमाणु शक्ति बनने नहीं देगा। इस बीच, दोनों देशों के हालिया सैन्य और कूटनीतिक कदमों ने क्षेत्रीय राजनीति को नई दिशा दे दी है।
तीन हफ्ते में खत्म हो सकता है युद्ध
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह लड़ाई दो से तीन हफ्तों में समाप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट जैसे तेल शिपिंग चैनल की सुरक्षा अब अन्य देशों की जिम्मेदारी होगी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के खिलाफ संयुक्त अभियान ने मिडिल ईस्ट का चेहरा बदल दिया है। वहीं, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि तेहरान के पास युद्ध खत्म करने की इच्छाशक्ति है, बशर्ते कि दुश्मन यह गारंटी दें कि संघर्ष फिर कभी नहीं भड़केगा।
