
पटना: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर पलटवार करते हुए तीखा हमला बोल दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को अपरिपक्व और उनके बयान को देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है।
ललन सिंह ने कहा कि राहुल जी, आप अपने में थोड़ा सुधार लाइए, लेकिन आप कभी सुधरने वाले नहीं हैं। भगवान आपका भला करेगा। उन्होने यह भी कहा कि आप प्रधानमंत्री पर हमला करते हैं। प्रधानमंत्री देश का हित देख रहे हैं। देश के हित में फैसला ले रहे हैं, इसीलिए भारत का विकास हो रहा है। लेकिन आपको इससे मतलब है नहीं। आप गलत चश्मा लगाकर घूम रहे हैं, इसीलिए आपको यह सब दिखाई नहीं देगा। आपकी आदत ही खराब है।
ललन सिंह ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि अपने में सुधार लाइए। सुधार लाइएगा तो आपका भला होगा लेकिन आप तो सुधार लाने वाले में से हैं नहीं। उन्होंने कहा कि एआई समिट में जिस तरीके से आपके कार्यकर्ता ने प्रदर्शन किया, क्या वह देशद्रोही नहीं है? पूरे दुनिया के सामने भारत की इज्जत आप लोगों ने गंवा दी। जो आपके कार्यकर्ताओं ने किया वह देशद्रोह है, यह आपको मानना पड़ेगा। आपको माफी मांगनी चाहिए। लेकिन आप तो माफी मांगने वाले नहीं है और सुधरने वाले भी नहीं हैं।
दरअसल, राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा था कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है। उन्होंने यह भी लिखा कि अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा और हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और आईवायसी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है।
