
रांची : वार्ड संख्या 39 की नव निर्वाचित पार्षद शीला देवी ने सोमवार को अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर खिजरी विधायक राजेश कच्छप से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान वार्ड में लंबित विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया गया।
बैठक में विशेष रूप से जर्जर शर्मा रोड के निर्माण, HEC आवासीय टाउनशिप में सीवरेज जाम, गली-मोहल्लों में पीसीसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण, नल-जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा LPG आपूर्ति से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा धुर्वा डैम पर लगाए जा रहे बार्बेट वायर से आम लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
विधायक राजेश कच्छप ने पार्षद को आश्वस्त किया कि नल-जल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने तथा शर्मा रोड के जीर्णोद्धार का कार्य अप्रैल–मई माह तक निश्चित रूप से पूरा कर लिया जाएगा।
पार्षद शीला देवी ने वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने पर विधायक का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जतायी कि जल्द ही क्षेत्रवासियों को इन योजनाओं का लाभ मिलेगा।
