
Shocking Incident Occurred During a Wedding Ceremony : बिहार के भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से शादी समारोह के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जयमाला से ठीक पहले दुल्हन अचानक बेहोश हो गई, जिसके बाद पूरा माहौल बदल गया।
परिजनों ने तुरंत दुल्हन को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह कमजोरी की वजह से बेहोश हुई थी। लेकिन इस बीच दूल्हा पक्ष ने इंतजार करने के बजाय शादी से इनकार कर दिया और बारात वापस लेकर लौट गया।
जानकारी के मुताबिक 20 वर्षीय युवती की शादी गजराजगंज ओपी क्षेत्र के एक युवक से 20 फरवरी को तय थी। एक रिसॉर्ट में सभी रस्में तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही थी।
बारात भी धूमधाम से पहुंच चुकी थी। जयमाला की तैयारी चल ही रही थी कि स्टेज पर जाने से ठीक पहले दुल्हन भावुक हो गई और अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।
घटना के बाद घरवालों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे निगरानी में रखा और बताया कि कमजोरी के कारण उसे चक्कर आया था।
इधर, दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि बिना कोई स्पष्ट सूचना दिए दूल्हा और उसके परिजन बारात लेकर वापस लौट गए।
उनका कहना है कि शादी की तैयारियों में लाखों रुपये खर्च किए गए थे। घटना के बाद लड़की पक्ष में मायूसी छा गई है। फिलहाल दुल्हन का इलाज जारी है और परिवार इस मामले में न्याय की मांग कर रहा है।
