
रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी घुस आया जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। यह जानकारी वन अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि हाथी हवाई नगर इलाके में घूम रहा था। रांची से जानवर को भगाने के लिए वन विभाग की एक टीम तैनात की गई है। इधर, हाथी के शहर में आने की सूचना पर वन विभाग और रांची पुलिस तुरंत पहुंची। वन अधिकारियों ने हाथी को शांत कर शहर से बाहर निकालने का अभियान शुरू किया है। सायरन बजा कर और पटाखे छोड़ कर हाथी को भीड़-भाड़ वाले इलाके से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। हाथी को शहर से भगाने में लगे वन विभाग के अधिकारी ने बताया ‘यह हाथी भटक गया था। हमलोग इसे सुरक्षित जंगल में वापस भेज रहे हैं।
झारखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। 13 और 14 फरवरी को हाथियों के हमले से हजारीबाग जिले में ही 24 घंटे के अंदर 7 लोगों को मौत की घाट उतार दिया था। इसके बाद लातेहार जिले में 16 फरवरी को हाथी का झुंड मलगाड़ी की चपेट में आ गया था। जिससे एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई है। वहीं 20 फरवरी को बिहार से पलामू के रास्ते झारखंड घुसते हुए एक जंगली हाथी को देखा गया है। बता दें कि हाथियों के हमले से पिछले कुछ महीनों में लगभग 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। लगातार हाथियों के हमले से मौत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वन विभाग के अधिकारी और उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वन अधिकारियों को हाथी के हमले से मानवीय क्षति को रोकने के लिए योजना बनाने और पीड़ित परिवारों को त्वरित मुआवजा की बात कही है। फिलहाल झारखंड के किसी न किसी जिले में लगातार हाथी के हमले का मामला सामने आ रहे हैं।
