
रांची: झारखंड की 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन भुगतान में लगातार देर हो रही है और श्रम कानूनों का पालन ठीक से नहीं किया जा रहा है। इन मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 13 मार्च 2026 को डोरंडा स्थित श्रम भवन के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
कर्मचारियों की वेतन और भत्तों को लेकर नाराजगी
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि फरवरी 2025 से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कई बार वेतन में कटौती भी की गई है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी के साथ और भी कई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 100 किलोमीटर से अधिक (इंटर फैसिलिटी ट्रांसफर) करने वाले कर्मचारियों को भोजन भत्ता और ओवरटाइम भुगतान नहीं मिलने का भी आरोप लगाया गया है।
PF-ESI और ग्रेच्युटी पर सवाल
कर्मचारियों ने PF और ESI को लेकर भी गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फरवरी से अक्टूबर 2025 तक PF-ESI की राशि जमा नहीं की गई। नवंबर में कटौती की गई राशि भी संबंधित खातों में जमा नहीं हुई। दिसंबर में वेतन से कटौती होने के बावजूद पूरी रकम जमा नहीं की गई।
इसके अलावा वर्ष 2017 से 2023 तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को अब तक ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं हुआ है। यह आरोप पूर्व संचालक कंपनी ज़िक़ित्ज़ा हेल्थ केयर लिमिटेड, मुंबई पर लगाया गया है।
12 मार्च तक नहीं हुआ तो आंदोलन
संघ के प्रदेश महामंत्री ने बताया कि कई बार श्रम विभाग और संबंधित अधिकारियों को पत्र देकर समाधान की मांग की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 12 मार्च तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो 13 मार्च को राज्यभर के कर्मचारी श्रम भवन के सामने प्रदर्शन करेंगे।
कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण और मजबूत लड़ाई लड़ेंगे।
