दिल्ली में मंकीपॉक्स का पहला मामला आया सामने

News Alert
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में रविवार को मंकीपॉक्स (Monkeypox) का पहला मामला प्रकाश में आया है। मरीज वर्तमान में लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती है। मरीज का विदेश यात्रा इतिहास नहीं है।

आधिकारिक सूत्रों ने मंकीपॉक्स मामले की पुष्टि की है। पश्चिमी दिल्ली के 31 वर्षीय निवासी मरीज को कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उसके सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) में शनिवार को जांच के लिए भेजे गये थे। उसका सैंपल पॉजिटिव पाया गया है।

देश में मंकीपॉक्स का यह चौथा मामला है। इससे पहले तीन मामले केरल से हैं जिनका विदेश यात्रा (Foreign travel) से जुड़ा इतिहास है।

कई नए देशों में बड़ी तेजी से फैल रहा है मंकीपॉक्स

जानकारी के अनुसार दिल्ली में भर्ती मरीज मनाली (हिमाचल प्रदेश) में एक पार्टी में शामिल हुआ था। उसके बाद बुखार और त्वचा के घावों के चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने शनिवार को मंकीपॉक्स को अंतरराष्ट्रीय चिंता का वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है।

WHO की दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक ने रविवार को सदस्य देशों से निगरानी और मंकीपॉक्स से जुड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों को मजबूत करने का आग्रह किया है।

क्षेत्रीय निदेशक (Regional Director) का कहना है कि मंकीपॉक्स कई नए देशों में बड़ी तेजी से फैल रहा है। यह चिंता का विषय है।

Share This Article