जापान में बड़े पैमाने पर आए भूकंप में 30 घायल

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

टोक्यो: जापान के फुकुशिमा प्रांत में रिक्टर पैमाने पर 7.3 तीव्रता के भूकंप के बाद कम से कम 30 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

जापान के मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने पहले शनिवार देर रात आई भूकंप की तीव्रता 7.1 बताई और बाद में इसे संशोधित कर 7.3 कर दिया गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि मियागी और फुकुशिमा प्रांत में लोग भूकंप से घायल हुए हैं।

जेएमए के अनुसार, भूकंप के झटके रात 11.08 बजे आए। अभी तक सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मुख्य कैबिनेट सचिव कात्सुनोबु कातो ने कहा कि शक्तिशाली भूकंप के बाद लगभग 950,000 घर अंधेरे में डूब गए।

कातो ने कहा कि बिजली गुल होने से टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी होल्डिंग्स इंक द्वारा कवर किए गए क्षेत्र के तहत 860,000 घर और टोहोकू इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के तहत 90,000 घर प्रभावित हुए।

भूकंप के बाद, जापानी सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय में एक टास्क फोर्स का गठन किया।

प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने सरकार को निर्देश दिया कि वह भूकंप से होने वाली क्षति का जल्द से जल्द सर्वेक्षण करे, आवश्यक क्षेत्रों में बचाव के प्रयास करे और जनता तक जल्द से जल्द सूचना पहुंचाए।

भूकंप राजधानी टोक्यो में भी महसूस किया गया था जहां रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4 रही।

टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी ने कहा कि भूकंप के बाद फुकुशिमा दाइची और दैनी परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में रिएक्टरों के साथ कोई असामान्यता नहीं है।

Share This Article