संभल हिंसा में 800 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, सपा के सांसद और…

News Aroma
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Sambhal Violence : रविवार को हुई संभल हिंसा (Sambhal Violence) मामले में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के क्षेत्रीय सांसद जियाउर्रहमान बर्क और संभल सदर सीट से सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

संभल के SP कृष्ण कुमार विश्नोई ने जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और बताया कि हिंसा में घायल हुए दारोगा दीपक राठी ने 800 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

बर्क और इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल को नामजद किया गया है। संभल हिंसा की न्यायिक जांच होगी।

बता दें कि संभल हिंसा में अब तक 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि हिंसा, गोलीबारी और पथराव में उप जिलाधिकारी रमेश चंद्र समेत कुल 20 लोग जख्मी हुए थे।

हिंसा के बाद व्याप्त तनाव को देखते हुए संभल तहसील में इंटरनेट (Internet) सेवाएं बंद कर दी गई है। 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

भड़काऊ भाषण देने का आरोप

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने मीडियाकर्मियों बताया कि बर्क को पहले भी नोटिस दिया गया था। उन्होंने पहले भी भड़काऊ भाषण दिए थे और उन्हें ऐसा करने के लिए मना किया गया था।

भाषण के दौरान उन्हें पहले भी कहा गया था कि आप इस तरह के भाषण न दें लेकिन उन्होंने इसके बाद भी भीड़ को उकसाने और जामा मस्जिद की हिफाजत के लिए लोगों को उकसाने का काम किया।

इस दौरान जब सर्वे का काम चल रहा था तो एकाएक भीड़ ने पथराव कर दिया।

पत्थर चलाने वाले सभी रुमाल से मुहं बांधे हुए थे। पत्थरबाजी में 15 पुलिसकर्मी और चार अधिकारी घायल हुए थे।

सर्वे के दौरान भड़की हिंसा

इस घटना में SDM रमेश बाबू के पैर में फैक्चर हो गया था। सीओ संभल के पैर में गोली लगी थी। जिलाधिकारी ने ​कमेटी का गठन किया था, जिसमें SDM संभल, CO और अन्य अधिकारी शामिल थे।

इन पर सर्वे को पूरा कराने की जिम्मेदारी थी। रविवार को जब सर्वे कराया जा रहा था तो इन अधिकारियों ने भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने पथराव और फायरिंग शुरू कर दी।

इसमें CO के पैर में गोली लगी। संजीव कुमार नाम के एक व्यक्ति ने भी लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक जब वे और डीएम इलाके में गश्त कर रहे थे तो महिलाओं ने ईंट से प्रहार किया गया। फायर भी किए, जिसमें PRO भी घायल हुए थे।

ड्रोन कैमरे में जो फोटो कैद हुई है, उनकी पासपोर्ट साइज फोटो बनाकर चिह्नित किया जा रहा है। इनके बारे में जानकारी देने वालों को इनाम ​भी दिया जाएगा।

SP बोले- स्थिति नियंत्रण में

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थिति नियत्रंण में हैं। कुछ लोग अपनी दुकान खोले हुए हैं। इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक निलंबित हैं और कल भी बंद रखने के लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है। पत्थरबाजों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुरादाबाद के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि अभी संभल में स्थिति शांत है। वहां लगातार निगरानी रखी जा रही है।

सांसद बर्क और एक स्थानीय विधायक के बेटे के खिलाफ हिंसा भड़काने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। इस घटना में चार लोगों की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है।

Share This Article