BJP का JMM पर तीखा हमला, बिरसा मुंडा, अंबेडकर और शहीदों के अपमान का आरोप

News Aroma
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: BJP के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने झामुमो पर भगवान बिरसा मुंडा, बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर, सिद्धो-कान्हू, और झारखंड के अन्य शहीदों व महापुरुषों का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया है।

रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रतुल ने कहा कि झामुमो से जुड़े एक संगठन की बैठक में पार्टी नेतृत्व मंच पर बैठा था, लेकिन उनके पैरों के नीचे बिरसा मुंडा सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरें रखी गई थीं। उन्होंने इसे शर्मनाक और झामुमो की शहीदों के प्रति सोच को दर्शाने वाला बताया।

महापुरुषों का अपमान

प्रतुल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को पूरा झारखंड भगवान के रूप में पूजता है। बाबासाहेब अंबेडकर संविधान के निर्माता और वंचित समुदायों के मसीहा थे, जबकि सिद्धो-कान्हू जैसे महापुरुष झारखंड की शान हैं। फिर भी, झामुमो नेताओं ने इनकी तस्वीरें पैरों तले रखकर अपमान किया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले लालू प्रसाद के जन्मदिन पर भी उनकी तस्वीर के पास बाबासाहेब की तस्वीर रखी गई थी, जिसे लालू ने नहीं रोका। प्रतुल ने इसे इंडी गठबंधन की महापुरुषों के प्रति घटिया सोच का सबूत बताया।

माफी की मांग

प्रतुल ने कहा कि इस घटना के बाद झामुमो के किसी भी नेता ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी, जो उनकी बेपरवाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि झारखंड महापुरुषों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रतुल ने झामुमो से तत्काल माफी मांगने की मांग की है, अन्यथा इसका विरोध और तेज होगा।

Share This Article