
Jharkhand News: झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन की ओर से आहूत 25 सितंबर की हड़ताल को बुधवार को त्रिपक्षीय वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया। यूनियन अध्यक्ष भवन सिंह ने बताया कि कर्मियों की विभिन्न मांगों पर रांची नगर निगम के उप श्रमायुक्त की मौजूदगी में यूनियन और निगम पदाधिकारियों के बीच बातचीत हुई। इसमें अधिकारियों ने कई मांगे मान लीं, जिससे हड़ताल टल गई।
किन मांगों पर सहमति?
– चार त्योहारों में चार राष्ट्रीय अवकाश देने का प्रावधान।
– आठ दिनों का अतिरिक्त अवकाश।
– अकुशल से कुशल श्रेणी में प्रमोशन।
– नौकरी से निकाले गए कर्मियों की पुनर्वास।
– मृतक कर्मियों के आश्रितों को नौकरी।
– ए टू जेड कंपनी का दिसंबर 2013 का बकाया वेतन भुगतान।
– 1 अप्रैल 2025 से वेतन वृद्धि का एरियर तीन किस्तों में चुकाना।
– सभी कर्मियों को पहचान पत्र जारी करना।
बोनस और स्थायीकरण पर अगली बैठक
भवन सिंह ने कहा कि बोनस, अन्य अवकाशों और स्थायीकरण जैसे मुद्दों पर अगले दौर की वार्ता होगी। 25 सितंबर को हटिया मजदूर यूनियन कार्यालय में सफाईकर्मियों की बैठक तीन बजे रखी गई है, जहां त्रिपक्षीय वार्ता के फैसलों की जानकारी दी जाएगी। यूनियन ने कर्मियों से अपील की है कि वे बैठक में जरूर पहुंचें।
त्रिपक्षीय वार्ता में कौन-कौन शामिल?
वार्ता में रांची नगर निगम की ओर से अपर प्रशासक संजय कुमार, उपप्रशासक गौतम प्रसाद और रविंद्र कुमार, सहायक प्रशासक दिलीप कुमार और चंद्रदीप कुमार शामिल थे। सहायक श्रमायुक्त रांची अविनाश कृष्ण ने मध्यस्थता की। यूनियन की ओर से अध्यक्ष भवन सिंह, महासचिव प्रकाश टोप्पो, सचिव सुखनाथ लोहरा, सहायक सचिव सुजीता देवी और संरक्षक अमल आजाद मौजूद रहे।
