
Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में शराब पीने के बहाने कार लूटने और चालक का गला काटने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ये घटना 31 अगस्त-1 सितंबर की रात हुई थी। 23 दिनों तक चले अनुसंधान से इस ब्लाइंड केस का उद्घाटन हुआ। पुलिस ने लूटा हुआ मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। SP रीष्मा रमेशन ने बुधवार दोपहर 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये जानकारी दी।
क्या थी घटना?
SP ने बताया कि 1 सितंबर सुबह 6 बजे पाटन के हैदरनगर के पंसा निवासी विनय कुमार (पिता राजेंद्र प्रसाद) जख्मी हालत में किशुनपुर OP पहुंचे। उन्होंने मारपीट और लूट की शिकायत की। विनय की निशानदेही पर कोरियाडीह से उनकी एर्टिगा कार बरामद हुई। विनय का इलाज कराया गया।
अनुसंधान में तकनीकी सहयोग और गुप्त सूचना से मंगलवार को मुख्य आरोपी अमित कुमार दुबे उर्फ राजकमल दुबे (28 वर्ष) गिरफ्तार हुआ। उसकी निशानदेही पर उसके साथी गोलू कुमार (18 वर्ष, चनेया) और विकास कुमार (19 वर्ष, रजहारा-नावाबाजार) भी पकड़े गए।
शराब का नशा, फिर खूनी साजिश
पूछताछ में अमित, गोलू और विकास ने कबूल किया कि 31 अगस्त रात को वे पड़वा मोड़ पर बैठे थे। पास की अंडे की दुकान पर विनय कार से पहुंचा और शराब पीने की बात कही। विनय को साथ लेकर शराब पी, फिर कार लूटने की योजना बनाई। घर छोड़ने के बहाने विनय को पाटन ले गए।
जाते समय दुकान से ब्लेड खरीदा। मौका मिलते ही विनय के गले सहित शरीर पर कई वार किए। कार लूटने की कोशिश की, लेकिन किशुनपुर OP की पेट्रोलिंग पुलिस ने बीच में रोक दिया। मोबाइल फोन और नकद लूटकर विनय को जख्मी हालत में कार में छोड़ फरार हो गए।
SP ने बताया कि अमित दुबे उर्फ राजकमल पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोलू और विकास नाबालिग उम्र के हैं, लेकिन अपराध में हाथ मिलाया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ IPC की धाराओं में केस दर्ज किया। SP ने कहा कि ऐसे अपराधों पर सख्ती जारी रहेगी।
