
Jharkhand Gumla News: झारखंड के गुमला जिले की पुलिस ने बुधवार सुबह बिशनपुर थाना क्षेत्र के केचकी जंगल में झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के तीन कुख्यात उग्रवादियों को एनकाउंटर में मार गिराया।
मारे गए उग्रवादियों में लोहरदगा के सेनहा निवासी सब-जोनल कमांडर लालू लोहरा, सुजीत उरांव और लातेहार के होशिर निवासी सब-कमांडर छोटू उरांव शामिल हैं। लालू लोहरा और छोटू उरांव पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
SP हारिस बिन जमां ने तीनों उग्रवादियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल से तीन हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें AK-56 राइफल, SLR और INSAS राइफल शामिल हैं। सुरक्षा बल के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
कैसे हुई मुठभेड़?
इससे पहले गुमला SP को गुप्त सूचना मिली थी कि JJMP के कुछ उग्रवादी बिशनपुर इलाके में बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जमा हो रहे हैं। सूचना पर झारखंड जगुआर और गुमला जिला बल की जॉइंट टीम बनाई गई।
टीम ने केचकी जंगल में सर्च शुरू किया। जैसे ही पुलिस टीम जंगल में पहुंची, उग्रवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन उग्रवादी मारे गए और एक को गिरफ्तार कर लिया गया।
