रांची : झारखंड में सीओ से लेकर सीएम ऑफिस तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। खुलेआम घूस मांगी जाती है। अधिकारी-कर्मचारी बोलते हैं कि जहां शिकायत करना है कर दो, पैसा देकर आएं हैं। कोई कुछ नहीं कर पाएगा। इस निकाय चुनाव में इस भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को सबक सिखाने का मौका है। बुधवार को ये बातें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहीं। वे लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष के भाजपा समर्थित प्रत्याशी महेश सिंह के पक्ष में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों से झामुमो कांग्रेस की सरकार ने नगर निकाय चुनाव नहीं कराया। झारखंड के शहरी क्षेत्र विकास के लिए केंद्र सरकार से मिलने वाली लगभग 5100 करोड़ की राशि से वंचित रह गए। यह राशि मिलती तो शहरों का कायाकल्प हो पाता।
लातेहार में कार्यकर्ताओं और लोगों में युवा, जुझारू और ऊर्जावान उम्मीदवार श्री महेश सिंह जी के प्रति जो उत्साह दिख रहा है, उससे स्पष्ट है कि लातेहार की जनता ने अपने उज्जवल भविष्य के लिए क्रम संख्या 5 में बेंच छाप पर मुहर लगाने का मन बना लिया है। क्षेत्र की सुधि जनता से मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करता हूं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष बंशीधर यादव, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रभारी सह पूर्व विधायक किशुन दास, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।





